Video Of Day

Latest Post

शिकागो में भी जमकर उड़े रे गुलाल . . . . .


  • शिकागो से मंजुला सिंह
शिकागो। भारत में होली का अलग-अलग रंग देखने को मिलता है। इसे मनाने की हर राज्‍य में अलग-अलग परंपरा है। कहीं लठमार,  कहीं मटका फोड़ तो कहीं कुर्ता फाड़ होली खेली जाती है। शायद आपको पता नहीं हो कि शिकागो और इसके आसपास के इलाको में होली मनाई जाती है। बस फर्क ये है कि होली अगर सोमवार से शुक्रवार के बीच हो तो लोग सप्‍ताहांत का इंतजार करते हैं, ताकि होली के लिए छुट्टी न लेनी पड़ी।
मंदिरों में होलिका दहन
शिकागो में प्रवासी भारतीयों की आबादी काफी ज्‍यादा है। यही वजह है कि ऐसे समारोह में हजारों की संख्‍या में लोग उमड़ पड़ते हैं। भारत के बाहर सभी भारतीय जाति और प्रांत से ऊपर उठकर सिर्फ भारतीयता के रंग में रंग जाते हैं। मंदिरों में होलीदहन और रंग-गुलाल का खास इंतजाम होता है। भीड़ इतनी ज्‍यादा होती है कि पुलिस और फायर ब्रिगेड का खास इंतजाम किया जाता है।
रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन
ग्‍लोबल कनेक्‍शन ने विशेष तौर पर मिसीगन झील के पास रविवार को होली का रंगारंग कार्यक्रम रखा है। इसमें कई इंडो अमेरिकन फ्यूजन ब्रांड फुनकादेशी, मनडाला आर्ट, बॉलीवुड ग्रोवे, स्थिति और अन्‍य कई ग्रुप भाग ले रहे हैं। अबीर और गुलाल भी उपलब्‍ध होगा। अबीर बिना रंगों की होली कैसी।
पार्क में भव्‍य आयोजन
सिंप्‍ली वैदिक कल्‍चरल सोसाईटी हर साल एक बड़े पार्क में होली का भव्‍य आयोजन करती है। इस होली की खाशियत ही अलग है। इसमें सिर्फ ऑर्गेनिक रंग ही इस्‍तेमाल कर सकते हैं। बाहर से रंग लाने की इजाजत नहीं है। दो डॉलर में आर्गेनिक रंग उपलब्‍ध होता है। यानी आप सुरक्षित होली खेल सकते हैं। इसमें भारतीय पकवानों का स्‍टॉल भी लगा होता है।
होता है द कलर रन 
होली शिकागो को इतनी भा गई है कि हर साल द कलर रनके नाम से मशहूर पांच मिल मैराथन का आयोजन किया जाता है। इस मैराथन में सफेद कपड़े पहनना अनिवार्य है और दौड़ने के साथ सब एक दूसरे पर रंग डालते हैं। नाचते हैं। है न ताजुब की बात कि होली कैसे ग्‍लोबल होता जा रहा है।
देखते ही बनता है जोश
होली के आयोजन में प्रवासी भारतीयों का जोश देखते ही बनता है। इस अवसर का सभी बेसब्री से इंतजार करते हैं। तय तारीख और स्‍थल पर जुटकर रंगों के इस पर्व को सतरंगी बना देते हैं।

No comments