Video Of Day

Latest Post

सरहुल पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम में रातभर झूमे लोग

रांची। सरहुल पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजधानी के कांके इलाके में लोग रातभर झूमे। रविवार की देर शाम सरना समिति कांके क्षेत्र के तत्वावधान में नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि एडीजीपी रेजी डुंगडुंग ने इसका उदघाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरहुल पर्व से सभी को प्रेरणा लेने की जरुरत है। पूरा आदिवासी जीवन शैली, धार्मिक रीति रिवाज तथा संस्कृति सभी पर्यावरण पर आधारित हैं। पूर्वजों द्वारा बनाई परंपरा सभी के लिए वरदान है। आज पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन जैसे संकटों से जूझ रहा है। ऐसे में प्रकृति से जुड़ कर जीवन जीना सभी के लिए आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि एडीएम लॉ एण्ड ऑर्डर अखिलेश कुमार सिन्हा ने कहा कि सरहुल एक समृद्ध विरासत है। हम सभी को इसको संभालने की आवश्यकता है। संस्कृति को बचाने का यही एक रास्ता है। इसके पहले सभी ने नवनिर्मित सरना मंदिर में पूजा अर्चना की। सेमर टोली मौजा के पहान ने पूजा अर्चना कराई। बाद में राज्यस्तरीय नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें आजाद अंसारी, पवन, मनोज शहरी, मोजिबुल खान, हुलास, आरती, कवि किशन, रुपा, अनीता, राज मौर्य सहित पायल ग्रुप के अन्य कलाकारों ने नागपुरी गीत प्रस्तुत किया।
विभिन्न सरना समितियों ने अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सरना समिति अध्यक्ष रंजीत टोप्पो ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर पुर्व विधायक रामचंद्र बैठा, सीसीएल के जीएम आलोक, बीएयू के डॉ जगरनाथ उरांव, आईटीबीपी के सीओ दिनेश कुमार, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, समनूर मंसुरी, बिनोद सांगा, हेमंत कुजूर, एतवा गाड़ी, देवा उरांव, अजीजुल अंसारी, महादेव उरांव, सुरेंद्र लिंडा, फागू उरांव, अनिता गाड़ी, सोनू मुंडा, नवीन तिर्की, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

सहयोग : अफरोज आलम 

No comments