Saturday, 19 May 2018

दामोदर नदी पर बनेगा झूला पुल


  • दर्शन मार्ग की दुकान शिफ्ट होगी
  • प्रमुख धार्मिक तीर्थ स्थल होगा रजरप्‍पा
रामगढ़। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देश के प्रमुख धार्मिक तीर्थ स्थल के रूप में रजरप्‍पा स्थित मां छिन्नमस्तिके धाम को विकासित करने का हर संभव प्रयास करने का निर्देश वरीय अफसरों को दिया। उन्‍होंने कहा कि रांची से रजरप्पा की दूरी भी कम है। अत: वे सब परिवार छुट्टी के दिनों में भी यहां आकर पर्यटन विकास काम को देखें। तिरूपति की तर्ज पर यहां राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार धार्मिक पर्यटन की मूलभूत सुविधाएं विकसित की जानी है। प्रथम चरण का काम इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाना है।

आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूजा अर्चना की प्रणाली निर्धारित कर दें। प्रसाद ग्रहण और भोजन के लिए अलग से लंगर की सुचारू व्यवस्था कराएं। लंगर में सुबह-शाम दो समय के भोजन और नाश्ते का समुचित प्रबंध रखना होगा। खाद्य सामग्रियों और प्रसाद के मामले में स्वच्छता की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांच की प्रणाली पूर्व में ही विकसित कर लें। उन्होंने कहा कि प्रसाद और भोजन के लिए मूल्य तय होना चाहिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। बिक्री के लिए भी खाद्य सामग्रियों की गुणवता और शुद्धता की जांच की व्यवस्था रहे। मूल्य भी निर्धारित हों। मुख्यमंत्री शनिवार को रामगढ़ परिसदन में मां छिन्नमस्तिका धाम को विकसित किए जाने के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां छिन्नमस्तिके धाम के सम्पूर्ण परिसर को रमणीक स्थल के रूप में विकसित किया जाना है, ताकि स्वाभाविक रूप से पर्यटक यहां आने के प्रति आकर्षित हो। क्यू कॉम्पलेक्स में भी यात्री सुविधाओं के साथ-साथ स्वस्थ मनोरंजन की ऐसी व्यवस्था रखें कि पर्यटकों को किसी भी क्षण यात्रा बोझिल न लगे। रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा दर्शन मार्ग में स्थित दुकानों को वहां से हटवाकर कहीं दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावे दामोदर नदी पर झूला पुल और भैरवी नदी पर भी पुल बनाया जाना है। यात्रियों की सुविधा के लिए अमानती सामान घर की व्यवस्था रहेगी, ताकि लोग अपने सामानों को सुरक्षित रखकर पूजा-अर्चना और भ्रमण कर सकेगें। कार्यों की गुणवता से समझौता नहीं होगा। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को समय-समय पर आकर निर्माण कार्य का स्वयं पर्यवेक्षण करना है।

बैठक में उपायुक्त रामगढ़ श्रीमती राजेश्वरी बी ने कहा कि परिसर से अतिक्रमण हटाने और तकनीकी पदाधिकारियों और निर्माणकर्ता एजेंसी से नियमित समन्वय के लिए जिला प्रशासन के द्वारा एक नोडल आफिसर की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। किसी भी समस्या पर वे वरीय पदाधिकारियों के साथ संपर्क कर तत्काल कार्रवाई करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, पर्यटन सचिव डॉ मनीष रंजन, पथ निर्माण सचिव केके सोन, कृषि सचिव पूजा सिंघल, एडीजी आरके मल्लिक, हजारीबाग के एसपी अनीश गुप्ता, वन विभाग के संजय कुमार सहित सभी विभागों से वरीय पदाधिकारिगण उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment