Video Of Day

Latest Post

भ्रष्टाचार में दोषी पाए जाने वालों को सीधे जेल


  • जल्द ही रांची में खादी मॉल का निर्माण कराया जाएगा
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। गांव के विकास के लिए ग्राम विकास समिति का गठन किया जा रहा है। समिति हर महीने ग्राम सभा का आयोजन करेगी। गांव के विकास का रोड मैप ग्रामीण खुद ग्राम सभा कर तय करेंगे। विकास योजना की पूरी राशि सीधे ग्राम विकास समिति को दिए जाएंगे। 
ग्रामीणों के विकास के लिए सरकार द्वारा दी गई राशि में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। विकास और कल्याणकारी कार्यों में भ्रष्टाचार का कोई स्थान नहीं है। भ्रष्टाचार में दोषी पाए जाने वाले लोग सीधे जेल जाएंगे। मुख्यमंत्री शनिवार को रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड के सीताडीह गांव में राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित विभिन्न योजनाओं के शुभारंभ पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र के साथ-साथ रेडीमेड गारमेंट सिलाई व प्रशिक्षण सेंटर, सूत कटाई और उत्पादन प्रशिक्षण केंद्रमधुमक्खी पालन प्रशिक्षण केंद्र, लाह निर्माण सह प्रशिक्षण सेंटर और टेराकोटा उत्पादन सह प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिर्फ विकास योजनाओं पर फोकस कर रही है। सरकार बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रही है। आम जनता को पाइप लाइन से शुद्ध पेयजल आपूर्ति की योजना चरणबद्ध तरीके से शुरू की गई है। अगले तीन महीने में उज्जवला योजना के तहत 15 लाख गरीब माताओं बहनों को एलपीजी गैस कनेक्शन दिया जाएगा। आदिवासी समुदाय के लोगों को भी गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। एलपीजी वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। गांव में कैंप लगाकर ही एलपीजी वितरण किया जाएगा।
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि अंडा उत्पादन के क्षेत्र में भी 5,000 महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। अंडा उत्पादन करने वाली महिला सहायता समूह को चार लाख ऋण की व्यवस्था सरकार करेगी। जल्द ही रांची में खादी मॉल का निर्माण कराया जाएगा। झारक्राफ्ट द्वारा साड़ी निर्माण के क्षेत्र में रोजगार का सृजन किया जाएगा। खादी के क्षेत्र में भी रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे खादी का उत्पादन और उपयोग ज्यादा से ज्यादा करें।
कार्यक्रम स्थल पर ही मुख्यमंत्री ने उज्जवला योजना के तहत 20 महिला लाभुकों को गैस कनेक्शन दिया। कार्यक्रम में रांची सांसद रामटहल चैधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास कर रहा है। महिलाओं को सरकार रोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम हुआ है। कार्यक्रम में राज्य विकास परिषद के उपाध्यक्ष और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो और राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने भी लोगों को संबोधित किया।

No comments