पत्थलगढ़ी विकास रोकने के लिए नहीं : सीएम
रांची। मुख्यमंत्री
रघुवर दास ने कहा कि पत्थलगड़ी झारखंड की परंपरा और संस्कृति में है। इसमें किसी
को कोई संदेह नहीं है। लेकिन यह ग्राम के सीमांकन के लिए है। विकास कार्य रोकने के
लिए नहीं है। गांव में सड़क नहीं बनने देंगे, बिजली-पानी नहीं पहुंचाने देंगे, यह नहीं है।
पत्थलगड़ी की आड़ में देश विरोधी शक्तियां गांव को भोले-भाले लोगों को बहला-फुसला
कर संविधान और देश विरोधी काम में सक्रिय है। इसमें हम सफल नहीं होने देंगे। सरकार
इसे कुचल कर रख देगी। इसके लिए सरकार के साथ समाज के लोगों को भी आगे आना होगा। उक्त
बातें उन्होंने खूंटी में पार्टी की प्रमंडलीय बैठक में कहीं।
सीएम ने कहा कि समाज
के लोग जागरूरकता फैलायें। सरकार अपने स्तर पर माकुल जवाब देगी। संविधान और आजादी
के साथ खिलवाड़ की नहीं करने देंगे। इन्हीं शक्तियों ने सबसे पहले आजादी का
उलगुलान करनेवाले भगवान बिरसा मुंडा को अंग्रेजों के हाथों पकड़ाया था। ऐसे
शक्तियों को फिर से पनपने नहीं दिया जायेगा। मैं खुद उन क्षेत्रों में जाऊंगा।
वहां के ग्रामीण के बाद बात करूंगा। राज्य के सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित क्षेत्र
गुदड़ी प्रखंड, जहां आजतक कोई मुख्यमंत्री नहीं गया था, मैंने जाकर बैठक की।
वहां के 79 गांवों में आज बिजली पहुंचा दी गयी है।
इसी
प्रकार गारू प्रखंड में भी जन अदालत लगायी। उस प्रखंड में भी बिजली पहुंचा दी गयी
है। गरीब आदिवासियों की जमीन छिननेवाले लोगों को चैन नहीं बैठने दूंगा। हमारे ऊपर
आरोप लगाया जाता है कि सरकार जमीन छिन लेगी। जबकि झारखंड नामधारी दलों के नेताओं
ने सबसे ज्यादा आदिवासियों की जमीन छिनने का काम किया है। उनका भी हिसाब लिया
जायेगा। वे लोग नहीं चाहते है कि आम आदिवासी समृद्धशाली बनें। वे उन्हें गरीब
बनाये रखना चाहते हैं, हम उन्हे भी बेनकाब करके रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने
कहा कि भारतीय जनता पार्टी लाखों कार्यकत्ताओं के बलिदान, त्याग, मेहनत के बदौलत
आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वर्ष 2014 में लोगों ने बहुमत देकर नरेंद्र
मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनायी। इस ऐतिहासिक विजय ने
चुनावी पंडितों को आश्चर्यचकित करके रख दिया। वर्ष 2019 में इससे भी बड़ी विजय
दिलाकर हमें फिर से सभी को चकित करना है। मुख्यमंत्री ने कार्यकताओं के साथ भोजन भी
किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, संगठन महामंत्री
धर्मपाल समेत रांची, खूंटी और लोहरदगा के सांसद, दक्षिणी
छोटानागपुर प्रमंडल के विधानसभा के विधायकगण समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ता
उपस्थित थे।




No comments