Video Of Day

Latest Post

पलामू: रामनवमी का त्योहार शान्ति व भाईचारा के साथ मनाने का संकल्प

हैदरनगर (पलामू)। चैती नवरात्र व रामनवमी को लेकर हैदरनगर थाना कार्यालय के सभागार में शान्ति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने की। मुख्य रुप से एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार रजक, पुलिस इंस्पेक्टर प्रभाकर सिंह उपस्थित थे। एसडीपीओ मनोज कुमार महतो ने कहा कि घ्वनीविस्तारक यंत्र से भड़काउ गाने या डायलाॅग पर रोक लगाने का काम कमेटी के लोगों के सहयोग से होगा।

उन्होंने कहा कि त्योहार शांति के माहौल में सभी के सहयोग से संपन्न होगा। उन्होंने रामनवमी कमेटी से संपूर्ण कार्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शांति समिति के लोग, रामनवमी कमेटी व गणमान्य लोग शांति व्यवस्था बनाये रखने में पूर्व की तरह सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से हैदरनगर में अमन का माहौल कायम रहेगा। उन्होंने आम लोगों का आह्वान किया कि वह निजी विवादों को त्योहारों से न जोड़ें। निजी विवाद होता है,तो तत्काल थाना से मदद लें। थाना में मौजूद पदाधिकारी उसका समाधान करेंगे।

 बीडीओ ने कहा कि त्योहारों के मौके पर शांति समिति के सदस्यों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समनवय बनाकर शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की जरुरत है। उन्होंने आम लोगों का आह्वान किया कि वह अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे। किसी तरह की अफवाह मिलती है,तो तत्काल थाना या अन्य पदाधिकारी को सूचना दें। पुलिस इंस्पेक्टर प्रभाकर सिंह ने कहा कि पर्व त्योहार खुशियां लेकर आता है। इस खुशी  में व्यवघान पैदा करने वाले लोग समाज के हितैषी नहीं हो सकते।

थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि देवी धाम मेला समेत बाजार क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रहेंगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस खास नजर रखेगी। बैठक में मौजूद सभी ने शांति  व सौहार्द्र के माहौल में रामनवमी का त्योहार संपन्न कराने का संकल्प लिया। बैठक में मुखिया कमलेश सिंह, लीलावती देवी, पूर्व मुखिया रामजी सिंह, विनोद पांडेय,अफरोज अहमद सिद्दीकी, आनंदी पासवान, कमेटी के संतन चैधरी, उदय प्रताप साहिदेव, गुरु प्रताप साहिदेव, रामाश्रय सिंह, रामप्रवेश सिंह, बिनोद पांडेय, रामप्रवेश मेहता, सिकेश सिंह,रविंद्र सिंह, मतीन खां,सज्जु खां, जाफर हवारी,अशोक  सोनी, कमलेश मेहता के अलावा सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

No comments