Video Of Day

Latest Post

कचरा का बिल कम नहीं होने पर निगम चुनाव में दबेगा नोटा

रांची। कचरे के बिल से परेशान शहर के लोगों ने चुनाव में नोटा का बटन दबाने की धमकी दी है। इस मुद्दे पर रांची नगर निगम के वार्ड 12 के केतारी बगान रोड नंबर 13 में राज रोशन की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। इसमें कचरे के बिल में बढ़ोत्तरी पर चर्चा हुई। उ‍पस्थित सदस्‍यों ने इसका विरोध किया। मुहल्‍ले वालों ने कहा कि डेढ़ साल बाद नगर निगम द्वारा कचरे का बिल तीन से छह हजार रूपये भेजा गया है। इसके मिलने से लोग हैरान और परेशान हैं। सभी ने कहा कि अगर कचरे का बिल नगर निगम चुनाव से पहले कम नहीं हुआ तो चुनाव में नोटा का बटन दबाकर अपना विरोध जताएंगे। चुनाव के बाद आंदोलन भी करेंगे। राज रोशन ने कहा कि बिल अधिक आने से लोगों का बजट बिगड़ गया है। लोग तीन से छह हजार रुपये बिल कैसे भरेंगे।

नगर निगम की लापरवाही के कारण ढेड़ साल बाद लोगों को कचरा का बिल मिला है। इसका हर्जाना लोग क्यों भरें। माखन पाठक ने कहा कि जब सफाई वाले 30 दिन नहीं आते तो फिर इतनी राशि क्यों वसूली जा रही है। मुहल्‍ले की अधिकांश सड़कों पर नाली का गंदा पानी बहता रहता है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होती है। मुहल्‍ले में जगह-जगह पर कचरे का अंबार लगा है। राहुल कुमार ने बताया कि निगम द्वारा गलत तरीके से कचरे का बिल वसूला जा रहा है। जिस समय से कचरे की दर में बढ़ोत्तरी हुई है, उस समय से पैसे डबल नहीं लेकर सितंबर से इसे वसूला जा रहा है। यह गलत है। मौके पर रमेश शर्मा, विकास कुमार, रंजन शर्मा, मोनू, प्रमोद कुमार शर्मा, शैलेश ठाकुर, कमलेश कुमार, सुमित कुमार उर्फ टिंकू, विकास कुमार, रवि सिंह, उदय कुमार, रमेश कुमार भी मौजूद थे।

No comments