Video Of Day

Latest Post

झारखंड खादी अब फैशन की दुनिया में

रांची। झारखंड खादी ने फैशन की दुनिया में कदम रख दिया है। खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने शुक्रवार को खादी का प्लाजो, मिनी स्कर्ट, लेडीज कुर्ता, लहंगा और सूट आदि लांच किया। इनकी कीमत 600 से लेकर 1200 के बीच है। लड़कियों और महिलाओं को लुभाने के लिए कई प्रकार के डिजाइनिंग कपड़ों को संजय सेठ ने प्रस्तुत किया। इसमें पुरुषों के भी कई वस्त्र थे।

संजय सेठ ने कहा कि अब खादी सिर चढ़ के बोल रही है। बोर्ड का उद्देश्य राजधानी के फैशन बाजार को टक्कर देना है। सामान्य लोग खादी के कपड़े पसंद कर रहे हैं। ऐसे में फैशन के साथ टैग करने पर खादी कई ब्रांड को पीछे छोड़ सकती है। इस दावे की सच्चाई के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में 7 करोड़ 86 लाख 91 हजार 27 रुपए और 93 पैसे की रिकाॅर्ड बिक्री हुई। इसमें 99 प्रतिशत खुदरा बिक्री है। सरकारी सप्लाई इसमें न के बराबर है। उन्होंने कहा कि अधिकतर जिलों में झारखंड खादी की ओर से ग्रामीण लड़कियों को सूत कढ़ाई, सिलाई, टेराकोटा आदि का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार की ओर बढ़ाया जा रहा है।

भविष्य में रेडी टू इट के क्षेत्र में उतरने की तैयारी
झारखंड खादी भविष्य में रेडी टू इट के क्षेत्र में उतरने की तैयारी कर रही है। इसमें खादी सत्तू, आलू-मटर, बिरयानी, राजमा, मटर, पनीर, रसगुल्ला आदि बाजार में उतारा जाएगा। इसकी टेस्टिंग की जा रही है। शीघ्र ही इसे लांच किया जाएगा। संजय ने कहा कि अब झारखंड खादी सिर्फ कपड़ों तक ही सिमट के नहीं रहने वाली है। ग्रामीण के सहयोग से जो भी उत्पादन होगा, उसे बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।

तीन हजार किलो शहद का उत्पादन, अमेजन से होगा करार
बकौल संजय सेठ मुख्यमंत्री रघुवर दास के आह्वान पर शुरू हुआ मधुमक्खी पालन बहुत कम ही समय में काफी लोकप्रिय हो चुका है। छह महीने के अंदर तीन हजार किलो शहद का उत्पादन हुआ है। कई ब्रांड वालों ने उन्हें शहद की आपूर्ति करने का आग्रह किया, पर अभी हमारे काउंटर से ही इसकी बिक्री हो जा रही है। ऐसे में उन्हें दे पाना संभव नहीं। संजय ने कहा कि अमेजन और झारखंड खादी के बीच शीघ्र ही करार होनेवाला है। ऐसे में खादी की पहुंच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो जाएगी।

No comments