Video Of Day

Latest Post

80 हजार नए कर्मचारी भर्ती करेगी रिलायंस जिओ

 नई दिल्ली। टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो मौजूदा वित्त वर्ष में 80,000 नई भर्तियां करेगी। कंपनी के सीनियर ऑफिसर ने ये जानकारी दी है। भर्ती प्रक्रिया रेफरेंस और कैंपस प्लेसमेंट के जरिए की जाएगी। देशभर में रिलायंस जिओ का कारोबार तेजी से फैल रहा है। कंपनी के ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कंपनी की बड़े स्तर पर भर्तियां करने की योजना है। जिओ पिछले दो तिमाही से लगातार मुनाफे में रही है और सस्ती सेवाओं के जरिए लगातार कारोबार विस्तार पर फोकस कर रही है। सस्ते डेटा प्लान और फ्री वॉइस कॉलिंग के साथ कंपनी अब बड़े पैमाने पर नौकरियां भी देगी।

स्थायी कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 2.37 लाख होगी
जियो के एचआर डिपार्टमेंट हेड संजय जोग के मुताबिक, "फिलहाल 1.57 लाख कर्मचारी कंपनी के ऑन रोल पर हैं और 75,000 से 80,000 नए इम्प्लॉई भर्ती करने की योजना है।कंपनी में एट्रिशन रेट को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में सेल्स और टेक्नीकल सेक्शन में एट्रिशन रेट 32% रही है। वहीं हेडक्वार्टर के स्तर पर ये सिर्फ 2% है जिसमें औसतन 18% कमी आने की उम्मीद है।"

क्या होती है एट्रिशन रेट
एट्रिशन रेट का मतलब कंपनी छोड़कर जाने वाले कर्मचारियों की संख्या से होता है। जितने ज्यादा कर्मचारी नौकरी छोड़ते हैं उस कंपनी की एट्रिशन रेट उतनी ही ज्यादा होती है।

6,000 संस्थानों के साथ जियो की पार्टनरशिप
तकनीकी संस्थानों समेत देशभर के 6,000 कॉलेजों के साथ जियो की पार्टनरशिप है। इन संस्थानों में कंपनी की जरूरतों से संबंधित कई कोर्स चल रहे हैं। ये कोर्स पूरा करने वाले छात्र रिलायंस जिओ में रिक्रूटमेंट के लिए तैयार हो रहे हैं। इसके साथ ही भर्तियों के लिए रेफरेंस और सोशल मीडिया की मदद भी ली जाएगी। रेफरेंस के जरिए करीब 60-70% भर्तियां की जाएंगी। कॉलेज और कंपनी के मौजूदा कर्मचारियों के रेफरेंस का रिक्रूटमेंट प्रोसेस में बड़ा रोल रहेगा।

जियो का मुनाफा 1.2% बढ़ा
जियो रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम कंपनी है जो इस सेक्टर के बाकी दिग्गजों को कड़ी टक्कर दे रही है। शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ ही जियो के भी नतीजे जारी किए गए। चौथी तिमाही में जियो का मुनाफा बढ़कर 510 करोड़ रुपए हो गया जो तीसरी तिमाही में 504 करोड़ रुपए था। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में जियो पहली बार मुनाफे में आई थी और अब लगातार दूसरी तिमाही में मुनाफे में रही है। 31 मार्च तक कंपनी के उपभोक्ताओं की संख्या करीब 19 करोड़ पहुंच चुकी है।जनवरी से मार्च के दौरान जिओ के मोबाइल उपभोक्ताओं ने 506 करोड़ जीबी डेटा यूज किया है और 37,218 करोड़ मिनट फोन पर बातचीत की।

No comments