Video Of Day

Latest Post

काम में बाधा डालने वाले हड़ताली बीएयू क‍र्मचारियों पर होगी कार्रवाई


रांची। काम में बाधा डालने और नेतृत्‍व कर रहे बीएयू के हड़ताली कर्मचारियों पर कानूनी प्रावधानों के अधीन कार्रवाई होगी। बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों ने पीबीजी और सोइल साइंस विभाग में भी जाकर काम को अवरुद्ध कराया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। देर शाम वरीय पदाधिकारियों ने बैठक की। घटना की समीक्षा की गयी। उसमें काम में व्यवधान डालने और नेतृत्व कर रहे हडतालकर्मियों पर कानूनी प्रावधानों के अधीन कारवाई करने का निर्णय लिया गया।

कुलपति डॉ परविन्दर कौशल ने पुनः संघ के प्रतिनिधियों और कर्मचारियो से हड़ताल से वापस लौटने की अपील की। साथ ही ऐसी घटना की पुनरावृति नहीं करने की बात कही। कर्मचारी संघ सोमवार को हुई वार्ता और कुलपति के आग्रह को ठुकराकर हड़ताल को जारी रखे हुए है। विवि प्रशासन के अनुसार करीब 550 कर्मचारियों में से 95 कर्मचारियों ने सोमवार और मंगलवार को अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। धरना स्थल पर कर्मचारियों की उपस्थिति 50-150 के करीब है।

बुधवार को कर्मचारियो के समूह ने अचानक बीएयू मुख्यालय, कृषि संकाय और वानिकी संकाय में जाकर प्रदर्शन किया। स्वेच्छा से काम कर रहे कर्मचारियों के कार्यो को भवनों के अंदर जाकर अवरुद्ध किया। उन्हें डरा धमका कर कार्यालय से बाहर आने के लिये मजबूर किया। इसके फल्वस्वरूप दोपहर बाद उपस्थिति में कमी देखी गयी। इस प्रदर्शन के समय स्थानीय पुलिस और मजिस्ट्रेट भी मौजूद थे।

No comments