Video Of Day

Latest Post

पाईप में लिकेज से घरों में जाता है गंदा पानी

रांची। महापौर आशा लकड़ा ने बुधवार को रूक्का डैम स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डैम स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सप्लाई होने वाले पानी की भी जांच की। प्लांट से सप्लाई होने वाले पानी का हर स्तर पर निरीक्षण किया। समस्याओं का निराकरण करने का आदेश दिया।

महापौर को लोगों से गंदा पानी आपूर्ति होने, अनियमित पानी मिलने और पाईप लाईन में लिकेज की शिकायत मिली थी। इन समस्याओं के निष्पादन के लिए उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान डैम के इंटेक बेल से जाने वाले पानी से एरियेटर और क्लोरीफॉल कुलेटर में जाने वाले पानी की जांच की। सप्लाई के लिए तैयार पानी का भी नमूना लिया। जलापूर्ति के लिए निर्धारित समय की जानकारी ली। महापौर ने निरीक्षण के दौरान चुना, एलम और ब्लीचिंग पाउडर की गुणवत्ता के बारे में पूछा। प्लांट के निरीक्षण के बाद संतुष्ट दिखी।
मुख्य अभियंता सह अधीक्षण अभियंता श्‍वेताभ कुमार को महापौर ने लिकेज की समस्या को निपटने का निर्देश दिया। मुख्य अभियंता ने लिकेज के लिए फंड का अभाव बताया। हालांकि समस्या से निपटने के लिए कारगर व्यवस्था करने की बात कही। महापौर ने उपयुक्त समय पर जलापूर्ति करने का भी निर्देश दिया। महापौर ने पेयजल सचिव को लिकेज की मरम्मत के लिए विशेष फंड निर्गत करने के बाबत पत्र लिखा।

निरीक्षण के बाद महापौर ने पेयजल सप्लाई प्लांट फेज-01 बरियातु में भी कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार को उपयुक्त समय में जलापूर्ति करने का आदेश दिया। लिकेज की मरम्मत जल्द करने को कहा। महापौर ने अपनी मौजुदगी में जयप्रकाश नगर, बरियातु, करमटोली समेत अन्य स्थानों पर मरम्मत का काम शुरू कराया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार, कार्यपालक अभियंता तपेशर चौधरी, प्रभात कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत अन्य मौजूद थे।

No comments