Video Of Day

Latest Post

क्रशर के साथ जमींदोज हो गई पांच हजार परिवारों की रोजी रोटी


कोडरमा। क्रशर के साथ पांच हजार परिवारों की रोजी रोटी जमींदोज हो गई। चंदवारा प्रखंड अंतर्गत करोंजिया के समीप जिला टास्क फोर्स टीम ने क्रशरों पर सोमवार को बुलडोजर चलाया। ये लगभग 20 वर्षों से यहां चल रहे थे। प्रशासन के अनुसार ये अवैध थे। ये क्रशर वर्षों से प्रशासन के आंखों के सामने चल रहे थे, तब अवैध नहीं था। प्रशासन और सरकार पर एनजीटी की आफत आने पर इसे बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया गया।

बुलडोजर चलने के दौरान यहां का दृश्य गमगीन नजर आ रहा था। दर्जनों क्रशर मालिक और मजदूर अपने जीवकोपार्जन के साधन को आंखों में आंसू लिए ध्‍वस्‍त होता निहारे जा रहे थे। क्रशर मालिक को बैंक का लोन चुकाने की चिंता लग रही थी। मजदूरों को पेट पालने और परिवार के भरण पोषण की। मालिक आंखों में आंसू लिए वे कह रहे थे कि हम पूरी तरह बेघर हो गए। काम कर रहे मजदूर और उनके परिवार की रोजीरोटी छिन गई। इनकी संख्‍या लगभग 5000 है।

क्रशर संघ के अध्यक्ष अशोक सिंह कपूर ने कहा कि पूर्व में क्रशर सरकार के सारे नियमों का पालन करते हुए चल रहा था। लगभग 3 वर्षों से सरकार के नए-नए नियमों की वजह से लाइसेंस लेने में काफी कठिनाइयां हो रही थी। हम लोग तीन साल पहले ही लाइसेंस के लिए आवेदन दे चुके हैं। आज तक सरकार और प्रशासन द्वारा लाइसेंस निर्गत नहीं किया गया। यहां किसी प्रकार का अवैध काम नहीं होता था। माइनिंग चालान के तहत हम लोगों बोल्डर खरीदते थे। उसकी पिसाई कर सरकार को रॉयल्टी देते हुये काम कर रहे थे। आज यहां जिस तरह से जिला प्रशासन ने क्रशर ध्वस्त किया है, इससे क्रशर व्यवसाय संघ और ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश है।
दो दिन पहले अधिकारियों से बात कर आग्रह किया था कि सरकार द्वारा क्रशर चालान संबंधी अनुमति नहीं मिलने तक स्वंय क्रशर को बंद कर डिसमेंटल कर लेंगे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि खुद डिसमेंटल कर लेते हैं तो प्रशासन तोड़फोड़ का कार्य नहीं करेगा। हम लोग खुद कंवेयर और मशीनरी खोल ही रहे थे कि अचानक प्रशासन के लोग पुलिस बल के साथ दो जेसीबी मशीन लेकर आए। लगभग डिसमेंटल हो चुके सारे क्रशर को जेसीबी से नष्ट कर दिया। प्रशासन के निर्देशानुसार दिए गए बाउंड्री वाला सहित मजदूरों के लिए रहने का घर को बेरहमी से ढाह दिया गया।

जिला टास्क फोर्स टीम में शमिल डीएफओ और अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार बदरियार ने  बताया कि चंदवारा प्रखंड अंतगर्त जीएम लैंड पर बने और बिना लाइसेंस का संचालित 11 क्रशर को ध्‍वस्‍त कर दिया गया। वन विभाग और खनन विभाग द्वारा पूर्व से सभी क्रशर पर एफआईआर किया गया। रैयती जमीन पर लाइसेंस लेकर चलने वाले और नियमों का पालन नहीं करने वाले क्रशरो पर भी बहुत जल्द कार्रवाई की जाएगी।

जिला खनन पदाधिकारी राजा राम प्रसाद से बताया कि ध्‍वस्‍त क्रशर को जब्‍त कर ले जाना संभव नहीं है। इसलिए डिसमेंटल हो चुके मशीनरी क्रशर मालिकों की ही देखरेख में रहेंगे। मौके पर एसडीओपी अनिल शंकर, सीओ मुजाहिद अंसारी,  डीएसपी कर्मपाल उरांव, थाना प्रभारी सोनी प्रताप सिंह, हल्का कर्मचारी आनंद कुमार, जेएस आई शाहनवाज खान, सौरभ कुमार भी मौके पर मौजूद थे।

No comments