Video Of Day

Latest Post

राजधानी की धरती पर उतरेगा मिथिलाधाम


  • तीन दिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व समारोह 24 मई से
रांची। झारखंड की राजधानी की धरती पर मिथिलाधाम उतरेगा। झारखंड मैथिली मंच के तत्वावधान में तीन दिवसीय महाकवि विद्यापति स्मृति पर्व समारोह हरमू मैदान में 24 मई से हो रहा है। यह 26 मई तक चलेगा। समारोह स्थल पर मिथिलांचल की कला संस्कृति की अद्भुत छटा बिखरेगी। मिथिलांचल के लोगों के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण होता है। उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ मिथिलांचल की लोक कला, गीत संगीत, संस्कृति एवं साहित्य, खान-पान इत्यादि को करीब से देखने एवं जानने का अवसर मिलता है। मंच के महासचिव भारतेंदु झा के मुताबिक इस आयोजन की प्रतीक्षा वर्ष भर लोग करते हैं। पहले यह मार्च में होना था। अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था।

कई प्रांतों के साहित्‍यकार जुटेंगे
इस अवसर पर कई प्रांतों से कवि और साहित्यकार साहित्यिक समागम में जुटेंगे। पहले दिन का कार्यक्रम विद्यापति दालान पर पूर्ण रूप से साहित्यिक गतिविधियों पर केन्द्रित होगा। विविधता से परिपूर्ण दूसरे और तीसरे दिन का कार्यक्रम हरमु मैदान में होगा। विशिष्ट साहित्यिक योगदान के लिए मैथिली के एक साहित्यकार को  विदेह सम्मान दिया जाएगा। उन्हें 35 हज़ार रुपए नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। स्मारिका प्रकाशन और पुस्तकों का लोकार्पण होगा।

ये है कार्यक्रम
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यापति गीत और संगीत, मैथिली के आधुनिक गीत, गजल, मिथिला के लोक गीत, लोक नृत्य की विशेष शैली इत्यादि की प्रस्तुति कलाकारों द्वारा की जाएगी। कलाकारों के नामों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आनंद मेला : मिथिला का खान पान पारंपरिक व्यंजन का आनंद  मिलेगा।
मैथिली पुस्तक मेला :  मिथिला की पारंपरिक कला, साहित्य एवं संस्कृति, गीत एवं संगीत से संबं‍धित पुस्तक पोथी, पेंटिंग, कोहबर ऑडियो-वीडियो, सीडी, पाग डोपटा, सिक्कि मौनी आदि का दुर्लभ और व्यापक संग्रह उपलब्‍ध होगा।

No comments