Video Of Day

Latest Post

झारखंड को प्रधानमंत्री ने दी 27 हजार करोड़ की सौगात


धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के चार साल पूरा होने पर झारखंड में सौगात की पोटली खोली। राज्‍य को शुक्रवार को 27 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्‍होंने देवघर में 1103 करोड़ की लागत से बनने वाले एम्स और 441 करोड़ रुपये की लागत से हवाई अड्डा निर्माण का ऑन लाईन शिलान्‍यास किया। सिंदरी में सात हजार करोड़ रुपये की लागत से खाद कारखाना के जीर्णोद्धार की शुरुआत की। पतरातू में 18, 668 करोड़ की लागत से बनने वाले 2400 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट का शिलान्यास किया। सीसीएल की विभिन्न परियोजनाओं में प्रभावित लोगों के बीच सांकेतिक तौर पर पांच लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। उनकी जन सभा में लोगों का जन सैलाब उमड़ा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि त्याग, भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान, जयपाल सिंह के संघर्ष और अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों के इस झारखण्ड की धरा को नमन। झारखंड के खनिज और कोयला देश को ऊर्जा प्रदान करने का काम कर रही हैझारखंड की जनता ने अपने राज्य के विकास के लिए दोनों जगह पर जिम्मेदारी सौंपी। हमें काम करने का मौका प्रदान किया। हमने भी समन्वय स्थापित कर लक्ष्य तय किया। परिणाम आपके सामने है। प्रधानमंत्री सिंदरी के बलियापुर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्‍होंने कहा कि 2014 में जब मैं यहां आया था, उस समय मैंने कहा था कि जो प्यार आप मुझे दे रहे हैं उसे मैं विकास कर वापस करूंगा। हमारी सरकार युवा, महिला, गरीब, किसान, शोषित, वंचित और समाज के अंतिम छोर पर खड़ी लोगों के लिए काम कर रही है। 27 हजार करोड़ से ज्यादा के 5 प्रोजेक्ट का शिलान्यास हो रहा है। इन परियोजनाओं के बलबूते अपने सामर्थ्य के बलबूते झारखंड देश के अन्य राज्यों की तुलना में आगे निकल जाएगा। सिंदरी में खाद कारखाना, पतरातू में पावर प्लांट, बाबा नगरी देवघर में एयरपोर्ट और एम्स तथा रांची में पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाने की योजना धरातल पर उतरेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिंदरी स्थित कारखाना 16 वर्षों से बंद पड़ा था। अब कारखाना निम कोटेड यूरिया खाद का उत्पादन होने से देश में दूसरी कृषि क्रांति का वाहक बनेगा। पूर्व में यूरिया चोरी होकर रसायनिक कारखानों में चला जाता था, लेकिन अब नीम कोटेड यूरिया की वजह से इसका उपयोग कारखानों में नहीं हो सकेगा। इसका सीधा लाभ देश के किसानों को मिलेगा। गैस पाइपलाइन परियोजना देश के 70 जिलो में आच्छादित होगा। रांची को गैस पाइपलाइन के जरिए इंधन पहुंचाने की योजना का शिलान्यास हुआ। 21वीं सदी का इंफ्रास्ट्रक्चर कैसा हो। इस पर कार्य हो रहा है। उज्ज्वला योजना माध्यम बना देश की महिलाओं को धुआं रहित रसोईघर प्रदान करने में हम काफी हद तक सफल हुए। सोलर एनर्जी से चलने वाले चूल्हे पर शोध कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। अब भारत की ओर नजर उठा कर देखने वालों को करारा जवाब दिया जाता है। सरकार की नीतियों का ही प्रतिफल है कि हम आर्थिक पावर वन रहे हैं। केंद्र सरकार ने देश के लोगों को सम्मान के साथ जीवन देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी सरकार से पूर्व 2013-14 में झारखण्ड को चार हजार 64 करोड़ का अनुदान मिलता था। अब उस अनुदान के प्रतिशत में 82% की वृद्धि हुई है। वर्ष 2017-18 में केंद्र सरकार द्वारा 13,400 करोड़ की राशि दी गई। 16 साल से सिंदरी का खाद कारखाना बंद पड़ा था। अब उस स्थिति में बदलाव आयेगा। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ झारखंड के 68 लाख परिवारों में 57 लाख परिवारों को मिलेगा। केंद्र सरकार के कार्यों का प्रतिफल है कि 40 साल में राज्य में 3 मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया। केंद्र सरकार ने गुणवत्ता पूर्ण उच्च व तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 4 साल के कार्यकाल में 10 यूनिवर्सिटी देने का काम किया है। धनबाद के ही शिक्षा के प्रति समर्पित बिनोद बिहारी महतो के नाम से यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई। केंद्र सरकार के निर्देश पर कोयला से प्राप्त होने वाला 30 प्रतिशत रॉयलिटी लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर व्यय हो रहा है। लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्‍ध कराने के लिए एक हजार करोड़ की राशि सरकार दे रही है।

पर्यटन एवं खेलमंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह ऐतिहासिक पल है। प्रधानमंत्री ने सिंदरी का कारखाना पुनः प्रारम्भ करा कर किसानों का कल्याण और रोजगार सृजन के नए द्वार खोले हैं। प्रधानमंत्री ने सीसीएल की परियोजनाओं से प्रभावित लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। ज्योति कुमारी, रितेश उरांव, बाबूराम मांझी, सुनील कुमार पासवान और आफताब आलम को सांकेतिक तौर पर नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस अवसर पर राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे, केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय मामले सुदर्शन भगत, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, सांसद पीएन सिंह, झारखंड विधान मंडल के विधायक फूलचंद मंडल, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता सांसद विधायक अधिकारी उपस्थित थे।

No comments