Video Of Day

Latest Post

पर्व-त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाएं

  • घाटशिला के मऊभंडार स्थित फुटबॉल मैदान में रंकिनी महोत्सव का शुभारंभ
घाटशिला। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड समृद्ध राज्य है। इसके बावजूद इसकी गोद में गरीबी पल रही है। आज शक्ति की आराधना का दिन है। मां रंकिनी झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता को इतनी शक्ति दें कि 2022 तक राज्य समृद्ध और स्वावलंबी बन सके। इस दिशा में सरकार सतत प्रयास भी कर रही है। पर्व-त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाएं। दुनिया को दिखाएं कि झारखंड में आपसी सौहार्द स्थापित हो चुका है। जहां शांति और स्थिरता है, वहीं विकास है। जनता के सहयोग से पूरे राज्य में उग्रवाद को समाप्त करने में सहायता मिल रही है। मुख्यमंत्री रविवार को घाटशिला के मऊभंडार स्थित फुटबॉल मैदान में रंकिनी महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रकृति की गोद में बसा है। यहां पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। हमारी सरकार कृषि, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी विकास कर रही है। सरकार ने संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्य के प्रमुख त्योहारों को महोत्सव का नाम दिया है। इससे ये त्योहार केवल उस क्षेत्र में ही नहीं अपितु पूरे राज्य और राष्ट्र में अपनी पहचान बना सकेंगे। कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू, पोटका विधायक मेनका सरदार, बहरागोड़ा विधायक कुणाल सारंगी, प्रमंडल आयुक्त प्रमोद कुमार, महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कल्याणी शरण समेत अन्‍य उपस्थित थे।

No comments