Video Of Day

Latest Post

झारखंड बार काउंसिल चुनाव: मतपेटी में सील हुई 127 उम्मीदवारों की किस्मत

  • मतगणना 19 मार्च को
  •  जमशेदपुर में चले लात और घूंसे
रांची। गुरुवार को झारखंड स्टेट बार काउंसिल का चुनाव संपन्न हुआ। इसको लेकर पूरे राज्य में 37 स्थानों के बूथों पर मतदान हुआ। रांची में झारखंड हाइकोर्ट के हॉल और कचहरी परिसर में मतदान कराया गया। मतदान के दौरान अधिवक्ताओं के बीच आंशिक हंगामा भी देखा गया। मतदान के दौरान उम्मीदवारों को बूथ के अंदर जाने की मनाही थी, लेकिन कई उम्मीदवार इस नियम की अनदेखी करते पाये गये। जिसके कारण हंगामा भी हुआ। बावजूद इसके कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदाता अधिवक्ताओं ने 25 पदों के लिए 127 उम्मीदवारों को वोटिंग की।

जमशेदपुर में हुआ जमकर हंगामा
जानकारी के अनुसार जमशेदपुर में झारखंड बार काउंसिल के मतदान में जमकर हंगामा हुआ। जमशेदपुर बार एसोसिएशन हॉल में मतदान की प्रक्रिया शुरू होते ही वकीलों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। वकीलों ने जमकर बवाल काटा और एक-दूसरे पर लात और घूंसे बरसाये। बढ़ते हंगामे के बीच करीब 1 घंटे तक मतदान  रोक दिया गया।

​​मतपेटियां रांची बार काउंसिल लायी जायेगी
झारखंड बार काउंसिल के लिए हुई वोटिंग की मतगणना 19 मार्च को होगी। मतगणना के लिए झारखंड के सभी 37 स्थानों में हुए मतदान की सील की हुई मतपेटियां रांची बार काउंसिल लायी जायेगी। यहीं पर मतगणना की जायेगी। मतदान बैलेट पेपर पर हुआ है और 25 पदों के लिए 127 उम्मीदवार मैदान में थे। 17 हजार 400 अधिवक्ता वोटरों ने मतदान किया है, इसलिए मतगणना लंबे समय तक चलने की उम्मीद है। चुनाव परिणाम के बाद जीते हुए उम्मीदवारों में से एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष एवं एक सदस्य चुना जाना है, जो बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य होंगे।

वीडियो रिकॉर्डिंग भी करायी गयी
चुनाव के दौरान सभी बूथ पर सीसीटीवी कैमरे थे। वीडियो रिकॉर्डिंग भी करायी गयी, ताकि मतदान में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो। मतदान की समाप्ति के बाद रिकॉर्डिंग को बैलेट बॉक्स के साथ ही सील कर दिया गया। इस बार बैलेट बॉक्स को चुनाव पदाधिकारियों द्वारा सील करने के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं के संघ ने भी बैलेट बॉक्स पर अपनी सील लगायी। रांची में बार काउंसिल चुनाव के दौरान एडवोकेट अजय कुमार तिवारी और एडवोकेट अरविंद कुमार प्रिजाइडिंग ऑफिसर नियुक्त किये गये थे।

No comments