Video Of Day

Latest Post

झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने में मदद का आश्‍वासन

रांची। झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने में मदद का आश्‍वासन दिया। वे नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के दो दिनी अधिवेशन के दूसरे दिन बोल रहे थे। खेलगांव के डॉ रामदयाल मुंडा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में श्री राय ने कहा कि देश में बहुत तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में मीडिया की भूमिका और भी बढ़ गयी है। कहा कि सुरक्षा कानून बनने के बाद इसे सख्ती से पालन भी कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण इलाके में कार्यरत पत्रकारों की स्थिति पर चिंता जतायी। उन्हें भी सामाजिक सुरक्षा के तहत लाभ दिलाने की बातें कहीं। उन्होंने पत्थरगड़ी को लेकर उत्पन्न विवाद में मीडिया से अहम भूमिका निभाने की अपील की।
झारखंड के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि मीडिया को भी अपना काम ईमानदारी से करना चाहिए। सभी को अपने किये की सजा मिलती है। उन्होंने चारा घोटाला के मामले में रांची के होटवार जेल में बंद लालू यादव पर चुटकी भी ली। मौके पर रास बिहारी, रजत कुमार गुप्ता, प्रज्ञानंद चौधरी, भूपेन गोस्वामी, सीमा किरण, सैयद जुनैद, रतन दीक्षित, शिव कुमार अग्रवाल, प्रताप सिंह समेत रांची जिले के सैकड़ों पत्रकार मौजूद थे।

पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चर्चा
एनजेयू की जेनरल बॉडी की बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा पर चर्चा हुई। दिवंगत पत्रकारों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। शनिवार को रांची के वरिष्ठ पत्रकार रामकुमार के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की गयी। एनयूजे (इंडिया) के पदधारी रजत कुमार गुप्ता, प्रज्ञानंद चौधरी, भूपेन्द्र गोस्वामी, सीमा किरण, सैयद जुनैद, रतन दीक्षित और शिव कुमार अग्रवाल ने हाल के दिनों में पत्रकारों पर हो रहे हमले पर चिंता जतायी। इसके लिए प्रस्ताव पारित कर पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने, मजीठिया आयोग की सिफारिश के अनुरूप वेतन दिलाने, स्वास्थ्य बीमा योजना आदि लागू कराने के लिए सरकार से लगातार बातचीत करते रहने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों में एनयूजे के कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा तय की गयी। मौके पर झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट रांची जिला के ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह, शिव कुमार सिंह, संजय समर, सुदाम प्रधान, ओम प्रकाश सिंह, उमाशंकर नायक समेत भारी संख्या में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार मौजूद थे।

No comments