Video Of Day

Latest Post

मोमेंटम झारखंड से बदहाल राज्य बना खुशहाल : दीनदयाल बर्णवाल


रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि झारखंड पिछड़ा, भ्रष्टाचार, गरीबी और नक्सल प्रभावित राज्य था। वह 3.5 वर्षों में खुशहाल और औद्योगिक राज्य के रूप में विकसित हुआ है। इसे करने का श्रेय मुख्यमंत्री रघुवर दास को जाता है। लगातार 18 घंटे काम करने वाले मुख्यमंत्री ने झारखंड को एक औद्योगिक और खुशहाल राज्य के रूप में स्थापित किया है।

श्री वर्णवाल ने कहा कि मोमेंटम झारखंड का चौथे ग्राउंड ब्रेकिंग बाबा नगरी देवघर में होने जा रहा है। इससे करीब 11,000 प्रत्यक्ष और करीब 1,00,000 लोगों को परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। वहां 151 उद्योगपतियों द्वारा करीब 28 सौ करोड़ का निवेश किया जाएगा। संथाल परगना में पहली बार उद्योग का जाल बिछाया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि हेमंत सोरेन का मोमेंटम झारखंड के प्रति असंतोष राजनीति से प्रेरित है। वे अपने समय में झारखंड में 25 पैसे का भी निवेश नहीं करा पाए। अब खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली कहावत उनपर पूर्णतः लागू है।

श्री वर्णवाल ने कहा कि संथाल परगना को खुशहाल बनाने के लिए लगातार प्रयास करने वाले रघुवर दास पहले मुख्‍यमंत्री हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 40 वर्षों में संथाल परगना को पिछड़ा परगना के रूप में स्थापित करने का काम किया है। भाजपा ने ही झारखंड बनाया है। भाजपा को ही झारखंड गढ़ने का गौरव प्राप्त हुआ है। खुशहाल झारखंड भी सिर्फ भाजपा के ही हाथों बनेगा।

श्री वर्णवाल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी राज्य चलाने का मौका मिला था, परंतु मुगलों की तरह भोग विलास, राजा और राजकुमारों जैसा जीवन बिताने में ही समय गवां दिया। अपना धन और जमीन बनाने में ही पूरा समय बिता दिए। अब जब जनता खारिज कर रही है, तो विलाप में लग गए हैं।

No comments