Video Of Day

Latest Post

झारखंड के कई जिलों में हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत

रांची। चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान झारखंड के कई जिले के लोगों को सोमवार को हुई जोरदार बारिश से अच्छी राहत मिली। पाकुड़, धनबाद, दुमका, देवघर, बोकारो, साहिबगंज, गोड्‌डा समेत कई जिलों में काले बादल जमकर बरसे। इससे यहां तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, राजधानी रांची में रविवार शाम हुई बारिश ने तामपान में गिरावट दर्ज कराया है। पलामू में करीब 11 बजे हल्की बूंदा-बांदी हुई। 

चार दिनों तक बारिश होने की संभावना
रांची को रविवार शाम करीब छह बजे बारिश से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद बादल छाएंगे, हल्की बारिश भी होगी। ऐसी स्थिति अगले चार दिनों तक बनी रहेगी। 30 अप्रैल से 3 मई तक बारिश के आसार है। 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

इन जिलों में हुई जोरदार बारिश
इधर, पाकुड़ में काले बादलों की वजह से दिन में अंधेरा छा गया। तेज हवा और बारिश ने दिन के तापमान में काफी गिरावट की। धनबाद, बोकारो और दुमका में भी सुबह मूसलाधार बारिश हुई। साहिबगंज जिले में तो तेज आंधी के साथ रविवार देर रात से ही बारिश जारी है। बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजमहल सहित साहिबगंज और जिले के कई अन्य भागों में रात में ओलावृष्टि भी हुई है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, जिला मुख्यालय सहित अन्य प्रखंडों में आधी रात से ही बिजली गुल हो गई। देवघर और गोड्‌डा जिले में भी बारिश का ऐसा ही हाल रहा।

वज्रपात से दो की मौत
इधर, रविवार रात धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र के खानुडीह बस्ती में वज्रपात की चपेट में आने से एक 21 साल की लड़की की मौत हो गई। वहीं, बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के ढुडवाहीह गांव में शादी में बाजा बजाने के लिए आया एक व्यक्ति वज्रपात की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। तीन लाेग वज्रपात में घायल भी हुए हैं।

जानकारी हो कि आपके अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikjharkhand.com ने पहले ही सतर्क किया था। बताया था कि कुछ घंटों में मौसम में बदलाव होने वाला है। राज्‍य के कई जिलों में इसका असर देखने को मिलेगा। कई जगह आंधी चलने के साथ मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।

No comments