Video Of Day

Latest Post

76% नागरिक चाहते हैं दुष्कर्मी को फांसी हो: सर्वे

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से पॉक्सो एक्ट में संशोधन को लेकर लाए गए अध्यादेश को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को मंजूरी दे दी। इसके अगले ही दिन सोमवार को एक सर्वे में सामने आया कि 76 फीसदी नागरिक चाहते हैं दुष्कर्मी को फांसी की सजा दी जाए। लोकल सर्कल्स नामक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने पॉक्सो एक्ट को लेकर लोगों की राय जानने के लिए 6 सर्वे कराए और इसमें 40 हजार से ज्यादा वोट दिए गए।

पहला सर्वे: न्यूज एजेंसी के मुताबिक, लोकल सर्कल्स के पहले सर्वे में 76 फीसदी ने दुष्कर्मी को फांसी देने और 18 फीसदी ने बिना पैरोल उम्र कैद दिए जाने के लिए वोट दिया। 3 फीसदी ने कहा कि 7 साल की सजा दी जानी चाहिए।

दूसरा सर्वे:  इस सर्वे में 89 फीसदी लोगों ने कहा- हम ये चाहते हैं कि हमारे राज्यों में रेप के दोषी को 6 महीने के भीतर फांसी दिए जाने का कानून बने।

तीसरा सर्वे: - इसमें लोगों से पूछा गया कि क्या रेप का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में ज्यादा महिला अफसरों को शामिल किया जाना चाहिए। इसमें 78 फीसदी लोगों ने कहा कि हर जिला स्तर के पुलिस स्टेशन में कम से कम एक महिला अफसर होनी चाहिए।

चौथा सर्वे: - लोगों से पूछा गया कि बच्चों से दुष्कर्म के मामलों में पुलिस को चार्जशीट फाइल करने के लिए अधिकतम कितना वक्त दिया जाना चाहिए। 28 फीसदी लोगों ने कहा कि ये 30 दिनों के भीतर होना चाहिए। 25 फीसदी ने 45 दिन का वक्त दिए जाने की बात कही।

पांचवां सर्वे: इसमें पूछा गया कि बाल यौन शोषण मामले की सुनवाई किसे सौंपी जानी चाहिए। 65 फीसदी लोगों ने कहा कि पॉक्सो जज को केवल बाल यौन शोषण से जुड़े मामले ही हैंडल करने चाहिए।

छठवां सर्वे: इसमें लोगों से पूछा गया कि ऐसे मामलों में कितने वक्त में फैसला हो जाना चाहिए। 85 फीसदी लोगों ने कहा कि 6 महीने के भीतर इन मामलों में इंसाफ हो जाना चाहिए।

दुष्कर्म के मामलों से घिरी सरकार
कठुआ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मुद्दा हाल ही में देशभर में सुर्खियों में आया। पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए देश भर में प्रदर्शन हुए। वहीं उन्नाव में भाजपा विधायक पर युवती से दुष्कर्म का आरोप लगा। इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है।

No comments