Video Of Day

Latest Post

शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अव्वल हुआ झारखंड

रांची। स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 के प्रतिस्पर्धा में शामिल देश के 4041 शहरों के परफॉर्मेंस के आधार पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने नई दिल्ली में बुधवार को विभिन्न कैटेगरी में स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड की घोषणा की है। जिसमें स्वच्छ भारत मिशन के तहत हो रहे कार्यों में राज्यों की श्रेणी में झारखंड को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र ने अपनी जगह बनाई है। पिछले वर्ष 2017 के स्वच्छ सर्वेक्षण में  झारखंड को पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था तो 2016 में  रैंकिंग में झारखंड  काफी पीछे था, लिहाजा जिस तरीके से पिछले 2 वर्षों में  झारखंड के शहरी क्षेत्रों में जिस तरीके से  स्वच्छता के क्षेत्र में काम हुआ है  पूरे देश के राज्यों को  इसका लोहा मानना पड़ेगा ।वही देश भर के राज्यों की राजधानी की स्वच्छता रैंकिंग में सिटीजन फीडबैक के मामले में झारखंड की राजधानी रांची ने पहला स्थान प्राप्त किया है तो एक लाख से तीन लाख आबादी वाले शहरों में सिटीजन फीडबैक के मामले में झारखंड के गिरीडीह  ने अव्वल स्थान प्राप्त किया है।

वही देश के ईस्ट जोन में एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में झारखंड के बुंडू को क्लीनेस्ट सिटी का अवार्ड घोषित हुआ है , तो दूसरी तरफ ईस्ट जोन में ही चाईबासा को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है ,वही इनोवेशन और बेस्ट प्रैक्टिस के मामले में इसी श्रेणी में झारखंड के पाकुड़ को भी प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। आने वाले समय में भारत सरकार जल्द ही सभी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग भी जारी करेगी। स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड 2018 में  झारखंड के अव्वल प्रदर्शन के बाद  सूबे के नगर विकास एवं आवास मंत्री सीपी सिंह ने, नगर विकास विभाग के अधिकारियों, स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञों, सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों, मेयर ,डिप्टी मेयर, नगर परिषद नगर पंचायत के अध्यक्ष, पार्षदों  के साथ-साथ झारखंड के शहरी नागरिकों को  शुभकामना और बधाई दी है और कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जो सपना है 2019, 2 अक्टूबर को  स्वस्थ भारत महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि स्वरुप बापू के चरणों में सौंपा जाए।

इसे लेकर झारखंड पूरी तरह से तैयार है। नगर विकास मंत्री ने  कुशल नेतृत्व के लिए राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी बधाई दी है, और कहा कि इनके कुशल नेतृत्व में  हम लगातार  प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड की घोषणा के बाद झारखंड स्वच्छ भारत मिशन और राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक राजेश शर्मा ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत काम कर रहे पदाधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा की टीम के सदस्यों और सभी नगर निकायों के अथक प्रयास और झारखंड के शहरी नागरिकों के सहयोग से हमारे राज्य को भारत सरकार की ओर से कई अवार्ड मिलने जा रहा है। देश के बड़े बड़े राज्यों के साथ प्रतिस्पर्धा में झारखंड ने जो मुकाम हासिल किया है, वह प्रदेश के हर नागरिक के लिए गौरव की बात है। अवार्ड की घोषणा के बाद राज्य सरकार के सचिवालय प्रोजेक्ट भवन स्थित नगर विकास विभाग में खुशी की लहर है।

No comments