Video Of Day

Latest Post

ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, दो बच्चे गंभीर

चिरकुंडा/निरसा ( धनबाद)। कुमारधुबी रेलवे अंडरब्रिज के पास रेल लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। महिला के साथ दो बच्चे थे जो गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान निरसा सिंदरी कॉलोनी निवासी चंदन ठाकुर की पत्नी प्रियंका देवी के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुमारधुबी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। घायलों को पीएमसीएच धनबाद भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो भेज दिया।

जानकारी हो कि प्रियंका देवी निरसा स्थित सिंदरी कॉलोनी निवासी चंदन ठाकुर की पत्नी अपने मायके बिहारशरीफ जाने के लिए घर से पुत्र शुभम कुमार (7)और पुत्री चुलबुल कुमारी (9) को लेकर कुमारधुबी स्टेशन से जाने के लिए घर से निकली थी। कुमारधुबी पुल में जाम होने के कारण वह मैथन मोड़ में पास टेंपो से उतर कर कुमारधुबी स्टेशन जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गई।

तीन घंटे तक पड़ी रही लाश
महिला का शव उठाने को लेकर कुमारधुबी जीआरपी ने हाथ खड़े कर दिए। जीआरपी का कहना है था कि मामला आउटर सिग्नल के बाद होने के कारण शव उठाने का जिम्मा कुमारधुबी पुलिस की है। वहीं कुमारधुबी ओपी प्रभारी विद्यासागर पासवान का कहना था कि मामला रेलवे ट्रैक का होने के कारण मामला जीआरपी का है। जिसके कारण शव करीब तीन घंटे तक रेलवे ट्रैक पर पड़ी रही। अंतत: सूचना पाकर चिरकुंडा अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक डालमिया ने कुमारधुबी पुलिस को शव उठाने को कहा। उसके बाद कुमारधुबी पुलिस शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।

बिहारशरीफ की रहने वाली थी मृतका
मृतका का मायका बिहारशरीफ का मालती गांव है। उसकी शादी वर्ष 2010 में निरसा सिंदरी कॉलोनी निवासी चंदन ठाकुर के साथ हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतका का कोई भाई नहीं था। पिता की मौत के बाद उसकी मां को शिक्षिका के पद पर नौकरी मिली थी। बाद में मां की मौत के बाद नौकरी उसकी छोटी बहन को मिल गई। इसी बात को लेकर मृतका के पति के साथ मतभेद चल रहा था। स्थानीय लोग यह आशंका जता रहे हैं कि शायद इसी कारण नाराज होकर वह अपने मायके जा रही होगी। तभी इस हादसे का शिकार हो गई।

No comments