Video Of Day

Latest Post

खादी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी : राज्यपाल

रांची। राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि खादी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। खादी बोर्ड ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के लिए खादी का प्रचार-प्रसार करें। खादी बोर्ड उत्पादन बढ़ाने के लिये नई तकनीक का प्रयोग करे। खादी से रोजगार मिल रहा है। खादी से जुड़े लोग आज आत्मनिर्भर हो गये हैं। खादी के प्रति लोगों में बदलाव आया है।  वह रविवार को मोरहाबादी मैदान में खादी मेले के समापन समारोह में बोल रही थी
युवाओं में आकर्षक बढ़ा है
राज्यपाल ने कहा कि युवाओं में खादी के प्रति आकर्षण बढ़ा है। यह खादी के लिए अच्छा संकेत हैं। खादी स्वतंत्रता की पहचान ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की पहचान बन गयी है। खादी ने अपनी विशिष्ठ जगह बनायी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खादी को बढ़ावा दे रहे हैं। लोगों से खादी को अपनाने की अपील कर रहे हैं। इसका असर लोगों पर हो रहा है। राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई मेंं खादी का रोल महत्वपूर्ण था। महात्मा गांधी ने कहा था कि देश के लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है, तो उन्हें खादी से जोड़ना होगा। लोग खादी को अपनायेंगे, तो सामाजिक स्तर में सुधार आयेगा। लोग की बुनियादी जरूरतों के लिए जूझ रहे हैं। ऐसे लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करना देश के सामने एक बड़ी चुनौती है और इस चुनौती का उचित उत्तर महात्मा गांधी का विकास मॉडल खादी और ग्राम उद्योग हो सकता है। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को खादी बोर्ड को जोड़ना होगा।
झारखंडवासियों ने दिया प्यार
खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने कहा कि खादी एवं सरस महोत्सव को झारखंडवासियों ने भरपुर प्रेम व प्यार दिया। कारीगरों, हस्तशिल्पकारों को प्रोत्साहित किया। मेला में 65 प्रतिशत बिक्री कैशलेस हुई। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने 46 लाख रुपये की अकेले बिक्री की। यह खादी के लिए अच्छा संकेत है। लोग खादी को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है और यहीं काम झारखंड खादी बोर्ड कर रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किये बिना किसी भी लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगला खादी मेला 21 दिसंबर 2018 से छह जनवरी 2019 तक आयोजित होगा। मौके पर बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष आरती कुजूर, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष उषा पांडेय, महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण, खादी बोर्ड के सीइओ दीपांकर पंडा, सुमन पाठक समेत अन्य लोग मौजूद थे।
मेला में उमड़ा जन सैलाब
खादी एवं सरस मेले के अंतिम दिन जन सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर 12 बजे के बाद लोगों की भीड़ मेला की ओर चल पड़ी। लोगों ने जमकर खरीदारी की। अंतिम दिन को लेकर स्टॉलधारकों ने छूट देकर सामाग्रियों की बिक्री की। कई साड़ियों के स्टॉल में 500 रुपये में पांच साड़ी तो किसी स्टॉल में 500 रुपये तीन साड़ी का आॅफर दिया जाने लगा। आॅफर में मिल रही साड़ियों को खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, कई अन्य स्टॉलों में लोगों की भीड़ रही। इतनी भीड़ हुई कि आम लोगों को चलने में भी परेशानी हुई। इसके बावजूद लोगों ने मोल भाव कर अपनी पंसद की चीज खरीदी।

No comments