शहीद सीताराम के परिजन को 10 लाख रुपये देगी झारखंड सरकार
गिरिडीह। झारखंड सरकार शहीद सीताराम उपाध्याय
के परिजनों को दस लाख रुपये देगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने की। सीएम ने
कहा कि जम्मू-कश्मीर सीमा पर झारखंड के वीर सपूत सीताराम उपाध्याय जी मां भारती की
रक्षा करते हुए शहीद हो गए। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। दुख की इस
घड़ी में झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता उनके परिवार के साथ है। राज्य सरकार उनके
परिजनों को 10 लाख की राशि देगी।
बताते चले कि झारखंड का बेटा सीताराम जम्मू-कश्मीर
के आरएसपुरा और अरनिया सेक्टर में शहीद हो गए। वे गिरिडीह जिले के उग्रवाद
प्रभावित पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज निवासी ब्रजनंदन उपाध्याय के पुत्र थे। बीएसएफ में
कार्यरत थे। शुक्रवार की सुबह शहीद
की पत्नी रेशमी उपाध्याय को उनके शहीद होने की
खबर मिली। फिर शहीद के भाई सोनू उपाध्याय को इसकी जानकारी
दी गयी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा
हाल है।
शहीद जवान की पत्नी रेशमी उपाध्याय ने
रमजान के नाम पर एकतरफा संघर्ष विराम की घोषणा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी को कोसा। कहा कि उनके पति की मौत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिम्मेदार
हैं। पत्नी ने कहा कि इस सरकार ने उनका सब कुछ छीन लिया। मोदी सरकार दिखावे के लिए
फायरिंग करवा रही है। सीताराम के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी की उम्र तीन साल है और
बेटा महज एक साल का है।
No comments