Video Of Day

Latest Post

शतचंडी महायज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए सीएम

सिमडेगाझारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास सिमडेगा के बोलबा स्थित वनदुर्गा मंदिर में आयोजित शतचंडी महायज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा से यही प्रार्थना की है कि मुझे इतनी शक्ति दो कि मैं इस समृद्ध झारखंड की गोद में पल रही गरीबी को खत्म कर पाऊं। सीएम ने कहा कि मां शब्द बहुत अहम है, सृष्टि का निर्माण मां के बगैर संभव नहीं। मां के तीन रुप होते हैं। एक मां जो जन्म देती है, दूसरी जो शक्ति देती है और तीसरी मां है भारत माता। मां की शक्ति से हमने देश सेवा का संकल्प लिया है। गरीबों के जीवन में बदलाव आए, चेहरे पर मुस्कान आए, यही संकल्प है।

धार्मिक आयोजनों से हमें सत्य के मार्ग पर चलने की मिलती है शक्ति 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति को किसी नेता ने नहीं बनाया, बल्कि ऋषि-मुनियों, सूफी-संतों ने बनाया है। इसी प्राचीन संस्कृति की वजह से भारत विश्वगुरु बना था। आज फिर से ऐसा होता दिख रहा है, भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने के लिए हम सभी देशवासियों को मिलजुल कर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। पिछले 4 साल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए, कई कदम उठाए गए। हम झारखण्डवासियों को भी देश निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी है। यज्ञ से हमें ऊर्जा मिलती है, वातावरण साफ होता है, शुद्ध विचार आते हैं। धार्मिक आयोजनों से हमें सत्य के मार्ग पर चलने की शक्ति मिलती है।
 
हिंदू धर्म किसी से भेदभाव नहीं करता 
रघुवर दास ने कहा कि हमारा संविधान किसी की गरीबी, लाचारी का फायदा उठा कर धर्म-परिवर्तन की इजाजत नहीं देता। यदि कोई हमारे गरीब भाईयों-बहनों का जबरन धर्मांतरण करवाता है या करवाने का प्रयास करता है तो इसे रोकना आपका धर्म है। इसकी जानकारी तुरंत शासन-प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म किसी से भेदभाव नहीं करता। पूरा संसार हमारा परिवार है। हमारा धर्म मानव कल्याण की बात करता है। हम सभी धर्मों का आदर करते हैं। मैं भी व्यक्तिगत रूप से और हमारी सरकार भी सभी धर्मों का एक समान आदर करती है।

No comments